Kolkata News: पश्चिम बंगाल की मल्टीप्लेक्स चेन एसवीएफ सिनेमाज (SVF Cinemas) ने फिल्म ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग के दौरान सिनेमाहॉल के अंदर केवल शाकाहारी भोजन परोसने का फैसला किया है। कंपनी ने दर्शकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया है, हालांकि सिनेमाहॉल के बाहर मौजूद काउंटरों पर मांसाहारी भोजन पहले की तरह उपलब्ध रहेगा।
पश्चिम बंगाल की प्रमुख मल्टीप्लेक्स चेन एसवीएफ सिनेमाज ने दर्शकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए खानपान की व्यवस्था में बदलाव किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के शो के दौरान सिनेमाहॉल के भीतर केवल शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा।
कंपनी के अनुसार, यह नियम केवल ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग पर लागू होगा। मल्टीप्लेक्स में चल रही अन्य फिल्मों के शो के दौरान ऐसी कोई पाबंदी नहीं रहेगी। एसवीएफ सिनेमाज ने बताया कि इससे पहले भी अन्य पौराणिक फिल्मों की स्क्रीनिंग के समय दर्शकों की ओर से ऐसी मांगें सामने आई थीं, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
सिनेमाहॉल के बाहर उपलब्ध रहेगा नियमित मेन्यू
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रतिबंध केवल फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर परोसे जाने वाले भोजन तक सीमित है। सिनेमा परिसर के अन्य हिस्सों में नियमित मेन्यू जारी रहेगा, ताकि दूसरी फिल्में देखने आने वाले दर्शकों को खाने-पीने के सभी विकल्प मिलते रहें।
एसवीएफ सिनेमाज ने 16 नवंबर को जारी अपने बयान में कहा, “हमारे पूरे फूड और बेवरेज मेन्यू में मांसाहारी व्यंजन भी शामिल हैं। यह मेन्यू हमेशा की तरह सिनेमाहॉल के बाहर हमारे काउंटरों पर उपलब्ध रहेगा।”
‘हनुमान चालीसा’ के दौरान भक्तिमय हो जाता है माहौल
मल्टीप्लेक्स चेन के प्रवक्ता ने बताया कि यह व्यवस्था उन दर्शकों की आस्था का सम्मान करने के लिए की गई है, जिनके लिए ‘रामायण’ का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि कुछ फिल्में दर्शकों के मन में ऐसी गहरी भावनाएं जगाती हैं, जो सामान्य फिल्म देखने के अनुभव से अलग होती हैं।
प्रवक्ता ने फिल्म में ‘हनुमान चालीसा’ वाले हिस्से का उल्लेख करते हुए कहा, “कुछ फिल्में सिनेमा से भी बढ़कर होती हैं। जब ‘रामायण’ के दौरान ‘हनुमान चालीसा’ बजती है, तो ऑडिटोरियम लगभग एक मंदिर जैसा लगने लगता है और हमें भी ऐसा ही महसूस होता है।”