Delhi News: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय वायु सेना का बैंड रविवार शाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शानदार प्रदर्शन करेगा। यह विशेष आयोजन राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के परम योद्धा स्थल स्थित पब्लिक प्लाजा में होगा। इसमें वायु सेना के जवान अपनी संगीतमयी धुनों से देशभक्ति का रंग जमाएंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह संगीतमयी कार्यक्रम राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सहभागिता के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और मजबूत करना है।
इस भव्य संगीतमयी प्रदर्शन में वायु सेना के कुल 32 वायु सैनिक और 8 अग्निवीर वायु हिस्सा लेंगे। इन अग्निवीरों में तीन महिला सैनिक भी शामिल हैं। वायु सेना की यह खास टीम 9 अगस्त को शाम 5 बजे से 6 बजे तक राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अपनी प्रस्तुतियां देगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन मास्टर वारंट ऑफिसर ए श्रीहरी के नेतृत्व में किया जाएगा। मुख्य कंडक्टर के रूप में वह पूरी टीम की अगुवाई करेंगे। इस दौरान दर्शक देशभक्ति से सराबोर धुनों का आनंद ले सकेंगे और भारतीय सेना के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करेंगे।
मास्टर वारंट ऑफिसर ए श्रीहरी का सहयोग अन्य वरिष्ठ और अनुभवी सैन्य अधिकारी करेंगे। इनमें जूनियर वारंट ऑफिसर मून डेका, जूनियर वारंट ऑफिसर अभिषेक पाल और सार्जेंट एनटी सिंह शामिल हैं। यह टीम कार्यक्रम को सुचारु और भव्य बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।