Lucknow News: कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में तहरीर दी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक अनामिका यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रनौत पर ‘जनरेशन जेड’ युवाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस से सांसद पर तत्काल केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
NEET परीक्षा विरोध प्रदर्शन पर सांसद की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
हुसैनगंज थाने में दी गई तहरीर के अनुसार विवाद नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। आरोप है कि बीजेपी सांसद ने 30 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं और नई पीढ़ी के खिलाफ अपमानजनक बयान दिए थे। शिकायत में कहा गया कि उन्होंने बेटियों को गलत शब्द कहे और उनके माता-पिता की परवरिश पर भी सवाल खड़े किए।
युवाओं और परिवारों के अपमान का आरोप, दर्ज हो एफआईआर
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह बयान केवल प्रदर्शनकारियों का ही नहीं, बल्कि पूरी नई पीढ़ी, युवाओं और उनके परिवारों का सामूहिक अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक वैमनस्य फैलाने, भावनाएं आहत करने और शांति भंग के लिए उकसाने की कोशिश की गई है। इसके तहत पुलिस से कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की मांग की गई है।