श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में बड़े फैसले, SBI की कार्यप्रणाली पर जताया असंतोष

Share

- Advertisement -

Ayodhya News: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी मंडल की बैठक अयोध्या में संपन्न हुई। इसमें आगामी श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन-पूजन, चढ़ावा प्रबंधन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति और मीडिया संवाद को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

स्टेट बैंक की कार्यप्रणाली पर न्यासियों ने जताया असंतोष

बैठक में मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा अधिकारियों तक पहुंच की समीक्षा कर संतोष जताया गया। चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी कैमरों का एक्सेस सुरक्षा अधिकारियों के पास पहले से मौजूद है। भारतीय रिजर्व बैंक की सहायक संस्था के जरिए सोने-चांदी के चढ़ावे की जांच व्यवस्था जारी रखने का निर्णय हुआ।

स्टेट बैंक के साथ चढ़ावा गणना से जुड़े एमओयू और बैंक की प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। न्यासी मंडल ने बैंक के काम पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने ट्रस्ट की वित्त समिति को बैंक के साथ संबंधों और मानक प्रक्रियाओं की दोबारा समीक्षा कर जरूरी निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

सीईओ चयन के लिए मिला अतिरिक्त समय, नियुक्त होंगे अंतरिम सचिव

मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन के लिए भारी संख्या में आवेदन मिले हैं। गठित समिति ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इस दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए सीईओ की नियुक्ति तक एक सचिव की नियुक्ति को मंजूरी दी गई।

विभिन्न आरोपों के बाद भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार बनी हुई है। न्यासी मंडल ने इस अटूट आस्था के लिए संत समाज और देश-विदेश से आने वाले भक्तों का आभार जताया। इसके अतिरिक्त मीडिया से नियमित संवाद के लिए जल्द प्रवक्ता नियुक्त करने और रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया गया।

मंदिर परंपरा और शुचिता के लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन

मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की पारंपरिक व्यवस्था और पवित्रता बनाए रखने के लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया है। स्वामी गोविंद देव गिरि की अध्यक्षता वाली इस समिति में स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, स्वामी युगपुरुष परमानंद, स्वामी दिनेंद्रदास, स्वामी कमल नयन दास, महंत राजकुमार दास, स्वामी रामानंद दास और आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण को शामिल किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News