Delhi News: आजकल लोग ग्लोइंग स्किन के लिए महंगे प्रोडक्ट्स और अलग-अलग रूटीन फॉलो करते हैं। इसके बाद भी त्वचा में मनचाहा सुधार नहीं दिखता है। आयुर्वेद कंसल्टेंट डॉ. प्रियंका कटरू ने बिना किसी सीरम या फेशियल के त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाने वाली 5 आसान आयुर्वेदिक आदतों के बारे में बताया है।
सही समय पर नींद और पाचन से सुधरेगी त्वचा
रात में देर तक जागने का सीधा असर चेहरे पर पड़ता है। इससे त्वचा बेजान और थकी हुई नजर आती है। अगर आप त्वचा को लंबे समय तक यंग और फ्रेश रखना चाहते हैं, तो रात को आधी रात से पहले सोने की आदत डालें। इससे शरीर की एनर्जी भी बनी रहती है।
आयुर्वेद के अनुसार स्वस्थ त्वचा का सीधा संबंध हमारे बेहतर पाचन से होता है। बेवजह स्नैक्स खाने या बोरियत में खाते रहने से पाचन तंत्र बिगड़ जाता है। जब आप सच में भूख लगने पर ही भोजन करते हैं, तो पाचन ठीक रहता है और चेहरे पर साफ बदलाव नजर आने लगता है।
पानी और नस्य से रखें स्किन का ध्यान
दिन की शुरुआत हमेशा गुनगुने पानी से करनी चाहिए। अपने रोजाना के रूटीन में सबसे पहले शरीर को हाइड्रेट करना बहुत जरूरी है। सुबह सही मात्रा में पानी पीने से आप दिनभर तरोताजा महसूस करेंगे और शरीर के विषैले तत्व बाहर निकलने में मदद मिलेगी, जिससे स्किन बेहतर होगी।
अपने डेली सेल्फ केयर रूटीन में नस्य को जरूर शामिल करें। आयुर्वेद के अनुसार रोजाना नाक में तेल या घी की कुछ बूंदें डालना फायदेमंद होता है। यह आदत न केवल नाक की सेहत को दुरुस्त रखती है, बल्कि आपकी ओवरऑल वेलनेस और स्किन केयर में भी मदद करती है।
ट्रेंड्स को आंख बंद करके न करें फॉलो
बाजार में आने वाले हर स्किनकेयर ट्रेंड को आंख बंद करके फॉलो न करें। हर प्रोडक्ट हर व्यक्ति की स्किन पर असर नहीं करता है। अपनी त्वचा का टाइप समझें और शरीर की वात, पित्त या कफ प्रकृति को जानकर ही सही प्रोडक्ट्स या घरेलू उपायों का चुनाव करें।