Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले स्थित सदरपुर गांव में खेतों के पास रास्ता बनाने के लिए निशानदेही कराने के बहाने एक परिवार को बुलाकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने 85 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का देकर गिरा दिया और उनके दो बेटों पर लाठियों व गंडासियों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदरपुर गांव में रविवार सुबह रास्ता निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित अनीत कुमार ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे सरपंच प्रतिनिधि तुलसी उनके पास आया और खेतों के पास रास्ता बनाने के लिए निशानदेही कराने की बात कही, ताकि भविष्य में कोई विवाद न रहे।
बातचीत के दौरान अचानक किया हमला
अनीत कुमार अपने 85 वर्षीय पिता के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहले से ही अधिकारी, मुबारिक और अलीशान सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसी दौरान खेत में काम कर रहे अनीत के भाई लखविंद्र को भी मौके पर बुला लिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बातचीत चल ही रही थी कि आरोपियों ने अचानक उनके बुजुर्ग पिता को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने अनीत और लखविंद्र पर लाठियों व गंडासियों से हमला बोल दिया। इस हमले में दोनों भाइयों के कंधे, कमर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने और टुकड़े करने की धमकियां भी दीं।
डायल 112 पर दी सूचना, अस्पताल में कराया मेडिकल
घटना के दौरान सरपंच प्रतिनिधि और उनके बेटे ने बीच-बचाव कर घायलों को वहां से सुरक्षित निकाला। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घायलों को तुरंत घरौंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घरौंडा थाना पुलिस ने पीड़ित अनीत कुमार की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पीएसआई विपिन को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।