गुड़गांव में दिवाली पर आग का तांडव: 42 जगहों पर भड़की आग, पटौदी में जिंदा जला ट्रक ड्राइवर

Share

- Advertisement -

Gurugram News: दिवाली की रात गुड़गांव में पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट के कारण 42 स्थानों पर भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में पटौदी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में आग लगने से ड्राइवर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। दमकल विभाग की टीमों ने रात भर में 200 से अधिक फेरे लगाकर सोमवार तड़के तक सभी स्थानों पर आग पर काबू पाया।

दिवाली की रात शहर के विभिन्न हिस्सों में आग लगने से कई घरों और दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। पटाखों और बिजली के शॉर्ट सर्किट के चलते एक के बाद एक कई इलाकों से दमकल विभाग को आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं।

पटौदी में ट्रक में लगी आग, ड्राइवर की मौत

दमकल अधिकारी नरेंद्र यादव के अनुसार, सबसे दर्दनाक हादसा पटौदी क्षेत्र में हुआ। यहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मृतक चालक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

हार्डवेयर दुकान और आवासीय सोसायटियों में आग

खांडसा रोड पर सब्जी मंडी के पास स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में भीषण आग भड़क गई, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 से अधिक गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इसके अतिरिक्त डीएलएफ फेज-4 की ऑर्चिड क्रिसेंट सोसाइटी के एक फ्लैट के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगी।

सदर बाजार के कृष्णा पैलेस स्थित दुकान और अर्जुन नगर में कबाड़ की दुकान में भी आगजनी की घटना हुई, जहां भीम नगर दमकल केंद्र की टीम ने समय रहते स्थिति को संभाला। पुलिस लाइन के टावर जे और अंसल एसेंसिया सोसाइटी के एक फ्लैट में पटाखों के कारण ऊंची लपटें उठने लगीं, जिन पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रण पाया।

42 स्थानों पर दौड़ीं दमकल गाड़ियां

मारुति कुंज, राजीव नगर में साइकिल की दुकान, गांव जोड़ी में कबाड़ की दुकान, डीएलएफ फेज-3, उद्योग विहार, बसई एन्क्लेव पार्ट-2, सेक्टर-37डी की आईएलडी सोसाइटी और पालम विहार के एक मकान सहित कुल 42 स्थानों पर आग लगने की पुष्टि हुई है।

त्योहार के मद्देनजर दमकलकर्मियों के अवकाश पहले ही रद्द कर दिए गए थे। 7 मुख्य दमकल केंद्रों के अलावा 11 संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त गाड़ियां तैनात थीं। रविवार दोपहर से शुरू हुआ दमकल विभाग का राहत एवं बचाव अभियान सोमवार अल सुबह तक लगातार जारी रहा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News