Bilaspur News: बिलासपुर जिले में लंबे समय से अटके राजस्व मामलों को तेजी से निपटाने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत सेवानिवृत्त तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों और कानूनगो की पुनर्नियुक्ति की जाएगी। डीसी कार्यालय ने इसके लिए आवेदन मांगते हुए अंतिम तिथि 20 नवंबर तय की है।
तय नियमों के अनुसार पुनर्नियुक्ति पर चुने गए अधिकारियों को मासिक मानदेय दिया जाएगा। इसमें तहसीलदार को 70 हजार, नायब तहसीलदार को 60 हजार और कानूनगो को 50 हजार रुपये मिलेंगे। इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्ष का सेवा अनुभव होना जरूरी है।
अस्थायी आधार पर होगी नियुक्ति, 65 वर्ष से अधिक उम्र वाले नहीं होंगे पात्र
प्रशासन ने साफ किया है कि आवेदक के खिलाफ कोई जांच लंबित नहीं होनी चाहिए। 31 अक्टूबर 2026 तक 65 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अधिकारी इसके लिए पात्र नहीं होंगे। यह नियुक्ति शुरुआत में तीन महीने के लिए होगी, जिसे काम और जरूरत के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
इच्छुक पात्र अधिकारियों को तय फॉर्म में आवेदन डीसी कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेज और सरकारी अस्पताल का फिटनेस सर्टिफिकेट लगाना अनिवार्य है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले या अधूरे आवेदनों पर किसी भी सूरत में विचार नहीं किया जाएगा।