Shimla News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जन्मभूमि सराहन में रविवार को उनकी आठ फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। भीमाकाली मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में रामपुर बुशहर और आसपास के इलाकों से 8 से 10 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है।
समारोह के लिए हजारों समर्थक सुबह से ही सराहन पहुंचने लगे हैं। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह समेत पूरा होलीलॉज परिवार सराहन पहुंच चुका है। इस बड़े आयोजन को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत और उनके समर्थकों के जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
समारोह की सभी तैयारियां बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन ने पूरी कर ली हैं। इस भव्य प्रतिमा की स्थापना के लिए रामपुर उपमंडल की 54 पंचायतों से पवित्र मिट्टी एकत्र की गई है। इसके लिए पिछले महीने क्षेत्र में एक विशेष कलश यात्रा का आयोजन भी किया गया था।
प्रतिमा अनावरण समारोह में जुटेंगे कांग्रेस के कई बड़े नेता
हाल ही में मुख्यमंत्री के रोहड़ू और रामपुर दौरे के दौरान पोस्टर-बैनरों से वीरभद्र सिंह की तस्वीर गायब होने पर प्रतिभा सिंह ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इस वजह से सराहन में हो रहा यह आयोजन राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में है। इसे होलीलॉज परिवार के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।
इस प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शामिल होंगे। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी विदित चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा और स्थानीय विधायक समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
