हिमाचल प्रदेश में पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, पिकअप से एक किलो चरस और युवक से चिट्टा बरामद

Share

- Advertisement -

Nurpur News: हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने नशे के अवैध धंधे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की सीआईए टीमों ने नूरपुर और शाहपुर में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान एक पिकअप गाड़ी से 1 किलो 12 ग्राम चरस और एक युवक से 4.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

नूरपुर सीआईए की टीम एनएच-154 पर रात को गश्त कर रही थी। पठानकोट मार्ग पर बौड़ बस स्टॉप के पास एक संदिग्ध पिकअप खड़ी मिली। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे छिपाई गई चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर मौजूद मंडी जिले के दो निवासियों किशोरी लाल और उत्तम चंद को गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने साफ किया कि क्षेत्र से नशे को खत्म करने और युवाओं को बचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शाहपुर के घटनालु में 19 साल का युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

दूसरा मामला शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत घटनालु का है। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने पुराने एनएच मार्ग पर गश्त बढ़ा दी। चेकिंग के दौरान संदिग्ध लग रहे एक 19 साल के युवक को पूछताछ के लिए रोका गया।

तलाशी लेने पर आरोपी युवक के पास से 4.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी कर्तव्य पठानिया को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। एसपी कांगड़ा के अनुसार आरोपी शाहपुर के दरगेला गांव का रहने वाला है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News