Shimla News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं पिछली भाजपा सरकार के दौरान हुई थीं।
हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग को भंग करने की दी जानकारी
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है। देशभर में पेपर लीक को लेकर युवाओं में भारी गुस्सा है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2022 में सरकार बनने के बाद जेओए आईटी भर्ती परीक्षा का मामला सामने आया था, जिस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लिया गया।
पुरानी गड़बड़ियों को देखते हुए सरकार ने फरवरी 2023 में हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया था। जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ‘हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2025’ लागू किया है।
सख्त कानून और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग
इस नए कानून के तहत आरोपियों के लिए 10 साल की कैद और 1 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। विनय कुमार ने केंद्र सरकार से नीट और सीबीएसई मामलों के दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए।