Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सेहली गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां कॉमन करैत सांप के डसने से दो सगे भाई-बहन की जान चली गई। 12 सितंबर को दोनों बच्चों को मृत अवस्था में नेरचौक अस्पताल लाया गया, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक बच्चों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और 6 वर्षीय नक्ष के रूप में हुई है। पिता महेंद्र कुमार ने बताया कि 11 सितंबर की रात पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। देर रात करीब 2:30 बजे बच्चों के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
शुरुआत में परिजनों ने ठंड के कारण अपच समझकर गर्म पानी से सेंक किया। तभी कमरे के दरवाजे के पास एक बड़ा काला सांप दिखाई दिया। इसके बाद परिजन बच्चों को तुरंत मंडी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बाद में घर के पास दोबारा दिखे इस सांप को ग्रामीणों ने मार दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह साफ होगी। राज्य में सर्पदंश से मौत पर आपदा प्रबंधन की तरफ से 4 लाख रुपये के मुआवजे का प्रावधान है।
विशेषज्ञों के अनुसार कॉमन करैत भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में से एक है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे तंत्रिका तंत्र पर असर करता है। इसके काटने पर शुरुआती दर्द बहुत कम होता है, लेकिन बाद में पेट दर्द, कमजोरी और सांस लेने में तकलीफ होने लगती है।
सांप के डसने से बचने के लिए जमीन पर सोने से बचें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक में समय बर्बाद न करें। मरीज को शांत रखें, घाव को साफ पानी से धोएं और बिना देरी किए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर एंटी-स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगवाएं।