हिमाचल प्रदेश के ऊना में पुलिस और शराब ठेके के कर्मचारियों के बीच हुआ भारी विवाद, वायरल हुआ मारपीट का वीडियो

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मैहतपुर में पुलिस और एक शराब ठेके के सेल्समैन के बीच बड़ा विवाद हो गया है। बुधवार देर रात हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे मामला गर्मा गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस कर्मियों और सेल्समैन के बीच हाथापाई साफ़ देखी जा सकती है। कुछ पुलिस वाले वर्दी में थे, जबकि कुछ सादे कपड़ों में नजर आए। वीडियो में शराब की बोतलें टूटने की आवाजें भी आ रही हैं। इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

शराब कारोबारी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी ने एसपी ऑफिस जाकर पुलिस के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके सेल्समैन ने रात में फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। कारोबारी का आरोप है कि पुलिस बिना किसी लीगल ऑर्डर के ठेके में घुसी। उन्होंने वहां भारी तोड़फोड़ की और जबरन ठेके पर ताला जड़ दिया।

कारोबारी के मुताबिक, दिन में उनका किसी व्यक्ति से पैसों का लेनदेन लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पुलिस उसी व्यक्ति को साथ लेकर देर रात ठेके पर पहुंची थी। इसके बाद गुरुवार दोपहर को एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारियों की मौजूदगी में ठेके का ताला खुलवाया गया, तब जाकर काम दोबारा शुरू हो पाया।

पुलिस ने सरकारी काम में बाधा का केस दर्ज किया

इस मामले में एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि ठेके के कर्मचारियों पर पुलिस वालों से मारपीट करने का केस दर्ज हुआ है। उन पर सरकारी ड्यूटी में रुकावट डालने और बोतलें तोड़ने का आरोप है। एसपी ने साफ किया कि अभी तक कारोबारी की तरफ से उन्हें कोई फॉर्मल शिकायत नहीं मिली है।

एसपी ने भरोसा दिया है कि अगर दूसरे पक्ष से कोई शिकायत आती है, तो मामले की निष्पक्ष जांच होगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों के कारण यह पूरा विवाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News