ऊना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से लाई जा रही 148 किलो पनीर की खेप जब्त, सैंपल जांच के लिए भेजे

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पंजाब से लाई जा रही 148 किलोग्राम (लगभग डेढ़ क्विंटल) पनीर की खेप को पकड़ा है। जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित बहडाला में एक इको वैन से यह खेप बरामद की गई है। गुणवत्ता की पुष्टि के लिए विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

गुप्त सूचना पर बहडाला में की गई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग को सोमवार सुबह करीब नौ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ऊना और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री के लिए पनीर की बड़ी खेप लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की इंस्पेक्टर साक्षी की अगुवाई में टीम ने बहडाला में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। पूछताछ और शुरुआती जांच में सामने आया कि यह पनीर पंजाब के रोपड़ से ऊना के विभिन्न बाजारों में दुकानों पर सैंपल दिखाने और बिक्री के लिए लाया जा रहा था।

लाइसेंस मिला, लेकिन गुणवत्ता जांच के बाद ही होगा खुलासा

जांच के दौरान संबंधित कारोबारी के पास वैध लाइसेंस और दस्तावेज मौजूद पाए गए, जो स्वयं भी बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन करते हैं। हालांकि, पनीर असली है या नकली, इस पर उठ रहे सवालों के समाधान के लिए विभागीय टीम ने नियमानुसार सैंपल भर लिए हैं। ऊना के खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त जगदीश धीमान ने पुष्टि की है कि पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News