Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सांप के काटने से 50 वर्षीय व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। यह हादसा बंगाणा उपमंडल की अरलू पंचायत के करौड़ गांव में हुआ। पीड़ित को समय पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक फैला है।
देर रात जहरीले जीव के काटने से बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान 50 वर्षीय रविंदर कुमार के रूप में हुई है। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे उन्हें सोते समय किसी जीव के काटने का अहसास हुआ। उस वक्त अंधेरा अधिक होने के कारण वे जीव को देख नहीं सके। सोमवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत बंगाणा अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल से रेफर के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
बंगाणा अस्पताल के डॉक्टरों ने रविंदर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। ऊना में भी डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पंजाब के होशियारपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्भाग्य से, होशियारपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।