Haroli News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अहम परियोजना पर काम जारी है। हरोली क्षेत्र में स्वां नदी पर 52 करोड़ रुपये की लागत से त्यूड़ी-पंडोगा पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। आधा किलोमीटर से अधिक लंबे इस पुल को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पुल के बनने से आसपास की 15 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही गगरेट, कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी क्षेत्र के लोगों के लिए सफर आसान हो जाएगा। नए पुल से पंडोगा और त्यूड़ी के बीच की दूरी लगभग 15 किलोमीटर घट जाएगी, जिससे समय और ईंधन की बचत होगी।
13 में से 11 स्पैन का काम पूरा, क्षेत्र के आर्थिक विकास को मिलेगी गति
परियोजना के तहत पुल में कुल 13 स्पैन बनने हैं, जिनमें से 11 स्पैन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। शेष दो स्पैन और एप्रोच सड़क का काम बारिश के बाद पूरा किया जाएगा। रामपुर पुल के बाद यह स्वां नदी पर बनने वाला एक और प्रमुख पुल होगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह पुल केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के वर्षों पुराने सपने को साकार करने वाला कदम है। पहले लोगों को जान जोखिम में डालकर छोटी पुलिया से नदी पार करनी पड़ती थी। इस पुल के तैयार होने से इलाके की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान निकल आएगा।