नेपाल बाढ़ त्रासदी के बाद ऊना के इंजीनियर सुखविंदर रत्न लापता, तलाश के लिए काठमांडू पहुंचे भाई

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का 32 वर्षीय इंजीनियर सुखविंदर रत्न नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद से लापता है। स्वजन का फोन पर संपर्क न होने के बाद कंपनी प्रबंधन ने उसके लापता होने की पुष्टि की है।

मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर नेपाल के त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में कार्यरत है। परिवार का आरोप है कि स्थानीय आपदा प्रबंधन और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद सुखविंदर का भाई वीरेंद्र और चचेरा भाई शुभम उसे ढूंढने काठमांडू पहुंच गए हैं।

नेपाल में बुधवार को आई प्रलयकारी बाढ़ के बाद सुखविंदर से संपर्क टूट गया था। भाई के लापता होने की सूचना मिलते ही वीरेंद्र तुरंत दुबई से भारत लौटा। इसके बाद उसने शुक्रवार सुबह शुभम के साथ दिल्ली से काठमांडू की फ्लाइट ली और राहत अभियानों से जानकारी जुटानी शुरू की।

दोनों भाई सीधे प्रभावित इलाकों में जाने के बजाय सेना और अन्य संसाधनों के माध्यम से सुखविंदर की तलाश कर रहे हैं। शुभम ने ऊना प्रशासन से नेपाल सरकार के साथ समन्वय बनाकर मदद की मांग की है। सुखविंदर की 25 अगस्त को परिवार से आखिरी बार बात हुई थी।

सुखविंदर विदेश में डेढ़ साल काम कर चुका था और 15 अगस्त को ही वापस नेपाल गया था। उसका एक डेढ़ साल का छोटा बेटा भी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सेना के नियंत्रण में होने के कारण वीरेंद्र ने नेपाल आर्मी को सुखविंदर की पूरी जानकारी सौंप दी है।

एसडीसी ऊना इशांत जसवाल ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना प्रशासन को मिल गई है। पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर गृह मंत्रालय से जानकारी साझा की गई है। भारतीय प्रशासन केंद्र सरकार के माध्यम से नेपाल सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News