Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अम्ब अंदौरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति बेसुध मिला। सूचना के बाद उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
शव को डेड हाउस में रखवाया, मौत के कारणों की पड़ताल में जुटी रेलवे पुलिस
रेलवे पुलिस मृतक की पहचान जुटाने के साथ-साथ मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस आसपास के स्टेशनों और थानों में हुलिए के आधार पर जानकारी साझा कर रही है। फिलहाल शव को पहचान और पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए डेड हाउस में रखवा दिया गया है।