Una News: आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। इस साल आठ नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी, लेकिन दिल्ली से चलने वाली लोकप्रिय हिमाचल एक्सप्रेस में अभी से भारी वेटिंग लिस्ट मिलने लगी है। कंफर्म टिकट पाने के लिए यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
छह नवंबर को दिल्ली से चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस के स्लीपर में 48 और थर्ड एसी में 39 तक वेटिंग पहुंच गई है। सात नवंबर को भी स्लीपर में 17 और थर्ड एसी में 12 वेटिंग चल रही है। दोनों दिन सेकंड और फर्स्ट एसी में भी सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं।
त्योहारी सीजन में घर लौटने वाले कामगारों की बढ़ी परेशानी
ऊना, अंब-अंदौरा और दौलतपुर चौक रूट पर चलने वाली यह ट्रेन दिल्ली आने-जाने वाले हजारों परिवारों के लिए बेहद अहम सहारा है। दिवाली और भाईदूज पर बड़ी संख्या में कामगार अपने घर लौटते हैं। इस वजह से हिमाचल की तरफ आने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग में अचानक बड़ा उछाल आया है।
वंदे भारत और जनशताब्दी में फिलहाल सीटें उपलब्ध
यात्रियों के लिए गनीमत यह है कि नई दिल्ली से अंब-अंदौरा जाने वाली वंदे भारत और दौलतपुर चौक जनशताब्दी एक्सप्रेस में 300 से अधिक सीटें खाली हैं। इंदौर-ऊना द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस में भी कुछ टिकट उपलब्ध हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इन गाड़ियों में भी वेटिंग लिस्ट बढ़ने की पूरी आशंका जताई जा रही है।
त्योहारों पर घर जाने की जद्दोजहद के बीच यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अतिरिक्त कोच जोड़ने और पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अगर समय रहते अतिरिक्त ट्रेनें नहीं चलाई गईं, तो त्योहार के ठीक पहले टिकट मिलना असंभव हो जाएगा और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।