Bilaspur News: बिलासपुर के ऐतिहासिक लुहणू क्रिकेट मैदान में शुक्रवार को अंडर-19 इंडियन वुमन चैलेंजर कप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए बेल रिंगिंग सेरेमनी के माध्यम से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और देश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता की विशेष थीम ‘गुलाबी’ (पिंक) रखी गई है। इस टूर्नामेंट की टैगलाइन ‘छोटे कदम, बड़े अरमान, बेटियां बनेंगी भारत की शान’ तय की गई है, जो महिला सशक्तिकरण और खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी का एक मजबूत संदेश देती है। इसी थीम के अनुरूप लुहणू क्रिकेट मैदान के प्रवेश द्वार से लेकर पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से गुलाबी रंग में सजाया गया है।
दूरदराज क्षेत्रों में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य
जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का मुख्य उद्देश्य देश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना है। इस पहल के जरिए अधिक से अधिक युवा लड़कियों को क्रिकेट खेल से जोड़ा जा रहा है ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।