Mandi News: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर स्थित डैहर उप तहसील के भंतरेहड़ क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दवा लेने गई युवती घर वापस नहीं लौटी
पुलिस को दी गई शिकायत में मां ने बताया कि उनकी बेटी 21 जुलाई को दवा लेने के लिए डैहर गई थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच और तलाश
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि लापता युवती की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं और सुरागों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।