हिमाचल विधानसभा में खुलासा: तीन साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 1,918 मामले दर्ज, 19 हजार से अधिक घरेलू हिंसा की शिकायतें

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान 1 नवंबर 2026 तक महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 1,918 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें दुष्कर्म के 1,386, छेड़छाड़ के 499 और घरेलू हिंसा के 33 मामले शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस को घरेलू हिंसा से जुड़ी 19,526 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भाजपा विधायक जीत राम कटवाल के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्य सरकार ने यह आधिकारिक जानकारी सदन के पटल पर रखी। सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध प्रदेश में गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।

अदालत में लंबित मामले और सजा की स्थिति

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दुष्कर्म के कुल 1,386 दर्ज मामलों में से अब तक 86 आरोपितों को अदालत द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। दूसरी ओर, छेड़छाड़ के 499 और घरेलू हिंसा के 33 दर्ज मामलों में अभी तक किसी भी आरोपित को सजा नहीं हुई है।

दुष्कर्म के मामलों की जांच की स्थिति स्पष्ट करते हुए सरकार ने बताया कि 153 मामलों में खारिज रिपोर्ट और 12 मामलों में अंतिम रिपोर्ट अदालत में पेश की गई है। वर्तमान में 61 मामलों की पुलिस जांच जारी है, जबकि 1,160 मामले विचारण के लिए न्यायालय भेजे गए हैं। अदालत भेजे गए मामलों में से 270 में आरोपित बरी हो चुके हैं और तीन मामलों में समझौता या केस वापसी हुई है। फिलहाल 801 मामले प्रदेश की विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं।

घरेलू हिंसा की शिकायतों पर कार्रवाई

अपराध के रूप में दर्ज मामलों के अतिरिक्त पुलिस विभाग को घरेलू हिंसा से संबंधित 19,526 शिकायतें मिली हैं। इनमें से 9,144 शिकायतों का पुलिस स्तर पर निपटारा कर दिया गया है। वहीं, शेष 10,382 शिकायतों को आगामी कानूनी और परामर्श कार्रवाई के लिए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को भेजा गया है।

महिला सुरक्षा के लिए सरकार की व्यवस्थाएं

सरकार ने अपने लिखित उत्तर में महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का भी ब्योरा दिया। प्रदेश में आपातकालीन स्थिति के लिए 112 और 1091 महिला हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही पुलिस थानों में विशेष महिला सहायता कक्ष स्थापित किए गए हैं।

हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे पुलिस, चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में 13 वन स्टॉप सेंटर कार्यरत हैं। अपराधों की गंभीरता से जांच के लिए महिला पुलिस थाने, महिला अपराध इकाइयां और मानव तस्करी निरोधक इकाइयां तैनात हैं। इसके अतिरिक्त, दुष्कर्म और बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों की त्वरित सुनवाई के लिए प्रदेश में छह फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय काम कर रहे हैं, जिनमें तीन विशेष पोक्सो (POCSO) न्यायालय शामिल हैं।

जिलावार महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े (1 नवंबर 2026 तक)

जिला घरेलू हिंसा (मामले) छेड़छाड़ दुष्कर्म घरेलू हिंसा की शिकायतें मंडी 1 92 205 2,896 शिमला 0 38 182 2,647 सिरमौर 0 34 181 1,041 कांगड़ा 0 69 140 1,729 चंबा 24 14 118 1,349 बद्दी (पुलिस जिला) 0 5 106 328 कुल्लू 0 20 96 1,350 सोलन 1 25 93 1,854 बिलासपुर 0 52 72 1,037 ऊना 0 24 70 1,950 हमीरपुर 2 72 38 2,054 नूरपुर (पुलिस जिला) 2 23 37 543 किन्नौर 3 19 33 489 देहरा (पुलिस जिला) 0 12 12 236 लाहुल-स्पीति 0 0 3 23 कुल योग334991,38619,526

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News