Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बरोटीवाला पुलिस थाना क्षेत्र के भटौली खुर्द में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर भारी चीज से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस और फोरैंसिक टीम ने मौके से जुटाए अहम सबूत
मृतका की पहचान सुनीता और आरोपी की पहचान झारखंड निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। दोनों यहां किराए के मकान में रह रहे थे। देर रात किसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते काफी हिंसक हो गया। गुस्से में आकर सुरेंद्र ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के सीनियर अफसर और फोरैंसिक साइंस लैब की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल का बारकी से निरीक्षण किया और केस से जुड़े जरूरी सबूत इकट्ठा किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम और फोरैंसिक रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सी.एच.सी. बद्दी भेज दिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
एएसपी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरैंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस वारदात के पीछे केवल पारिवारिक कलह ही मुख्य वजह थी या फिर हत्या के पीछे कोई अन्य वजह भी शामिल है।