Shimla News: पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश में ठंड ने तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे बीती रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
कुकुमसेरी सबसे ठंडा, कई शहरों में पारा माइनस में
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार, लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा केलांग में पारा माइनस 3.1 डिग्री और कल्पा में माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 5.7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आई है, हालांकि दिन में धूप खिलने से मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
22 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि प्रदेश में 22 नवंबर तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। धूप खिलने से दिन के समय ठंड का असर कम महसूस हो रहा है, लेकिन रात के समय तापमान में लगातार आ रही गिरावट के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है।