सिरमौर के राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: किराए के कमरे में पति-पत्नी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मयोग गांव में किराए के कमरे में रह रहे एक दंपत्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों द्वारा आपातकालीन नंबर पर सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर दी घटना की जानकारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के अंतर्गत आने वाले मयोग गांव की है। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील (पुत्र स्व. भाग सिंह, निवासी कोटला मांगन) और 33 वर्षीय ममता (पुत्री स्व. जगमोहन सिंह, निवासी बाग धमनिया, तहसील व थाना राजगढ़) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मृतकों के बच्चों ने खुद 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। इस घटना के बाद से मृतक दंपति के दो मासूम बेटों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

किन परिस्थितियों में उठाया कदम, अभी जांच जारी

ग्राम पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक दंपत्ति मयोग गांव में किराए के कमरे में रह रहे थे। हालांकि, पति-पत्नी ने इतना खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक या स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

घटना के बाद से स्थानीय लोग भी पूरी तरह स्तब्ध हैं। मामले की पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा नियमों के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News