धर्मशाला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल में छापेमारी कर 10.36 ग्राम चिट्ठे और एक लाख नकदी के साथ दो गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा पुलिस की सीआइए टीम ने धर्मशाला के खनियारा स्थित एक निजी होटल में दबिश देकर 10.36 ग्राम हेरोइन (चिट्ठे) और एक लाख रुपये की नकदी के साथ पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धर्मशाला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गुप्त सूचना के आधार पर होटल के कमरे में दी दबिश

पुलिस के अनुसार, सीआइए टीम को देर रात मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम ने खनियारा के एक निजी होटल में छापेमारी की और कमरे में मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चिट्ठी और नकदी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार (निवासी गांव जलालाबाद, डाकघर फाजिल्का, पंजाब) और मनजीत सिंह (निवासी गांव मुंडी खरड़, डाकघर खरड़, पंजाब) के रूप में हुई है।

नशे के स्रोत की तलाश में जुटी पुलिस, होटल प्रबंधन के सहयोग की सराहना

पुलिस अब इस मामले में बरामद चिट्ठे के मुख्य स्रोत और आरोपियों के संभावित नेटवर्क का गहराई से पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान यह खंगाला जा रहा है कि आरोपियों के पास यह नशीला पदार्थ कहां से आया था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान होटल मालिक, संचालक और स्टाफ की ओर से पुलिस को दिए गए पूरे सहयोग की कांगड़ा पुलिस ने विशेष रूप से सराहना की है। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही सरकार के नशा निवारण अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News