चंडीगढ़ जिला अदालत में कैंटीन संचालक की मौत के मामले में वकील पर केस दर्ज, जांच शुरू

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में कैंटीन संचालक राम मिलन यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने वकील एसपी बंसल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में कैंटीन चलाने वाले राम मिलन यादव की मौत के मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एडवोकेट एसपी बंसल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई मृतक के बेटे अनिल कुमार यादव की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शिकायतकर्ता अनिल कुमार यादव के अनुसार, उनके पिता 26 अक्टूबर को कैंटीन से संबंधित कामकाज के सिलसिले में अदालत परिसर पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें उनके पिता ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान एडवोकेट एसपी बंसल ने राम मिलन यादव के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और अत्यधिक अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। बेटे का आरोप है कि इस कथित दुर्व्यवहार से उनके पिता को गहरा मानसिक आघात पहुंचा, जिसके चलते उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 26 अक्टूबर की शाम करीब 7:35 बजे जीएमसीएच-32 (GMCH-32) अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि अदालत परिसर से राम मिलन यादव को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (सीएफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान सीएफएसएल की टीम ने मौके पर रखे एक डस्टबिन से सल्फास का खाली पाउच बरामद किया। इसके अलावा घटनास्थल से उल्टी के नमूने भी जांच के लिए एकत्र कर सील कर दिए गए हैं।

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था, जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार संपन्न कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज शिकायत और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

Read more

Related News