टाटा मोटर्स ने पूरा किया इटली की इवेको ग्रुप का अधिग्रहण, जमशेदपुर प्लांट को मिलेगी आधुनिक यूरोपीय तकनीक

Share

- Advertisement -

Jamshedpur News: भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने इटली की कमर्शियल व्हीकल निर्माता ‘इवेको ग्रुप’ का 4.5 अरब डॉलर (करीब 37 हजार करोड़ रुपये) में अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इस सौदे से टाटा मोटर्स वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े कमर्शियल व्हीकल निर्माताओं में शामिल हो गई है। कंपनी के जमशेदपुर प्लांट को अब आधुनिक यूरोपीय तकनीक का सीधा लाभ मिलेगा।

टाटा मोटर्स ने इटली की प्रमुख वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी ‘इवेको ग्रुप’ (Iveco Group) के अधिग्रहण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। करीब 4.5 अरब डॉलर यानी लगभग 37 हजार करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य (Enterprise Value) वाली यह डील भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास के सबसे बड़े वैश्विक सौदों में से एक है। आकार के लिहाज से यह अधिग्रहण साल 2008 में किए गए जगुआर लैंड रोवर (2.3 अरब डॉलर) के सौदे से लगभग दोगुना बड़ा है।

इवेको में टाटा की हिस्सेदारी बढ़कर 89.42 प्रतिशत हुई

टाटा मोटर्स की अनुषंगी इकाई ‘टीएमएलसीवी होल्डिंग्स बीवी’ (TMLCV Holdings BV) की ओपन ऑफर प्रक्रिया सोमवार को पूरी हुई। इस प्रक्रिया में निर्धारित 80 प्रतिशत की न्यूनतम सीमा को पार करते हुए 87.81 प्रतिशत शेयर टेंडर हुए। इसके साथ ही, ट्रेजरी शेयरों को घटाकर इवेको ग्रुप में टाटा की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 89.42 प्रतिशत हो गई है। कंपनी ने यह हिस्सेदारी 14.40 यूरो प्रति शेयर की दर से हासिल की है।

इस रणनीतिक बदलाव के तहत इवेको के नए निदेशक मंडल (Board of Directors) का भी गठन किया जा रहा है। इसमें टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन, जेएलआर के मुख्य कार्यकारी पीबी बालाजी और टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक गिरीश वाघ शामिल होंगे।

जमशेदपुर प्लांट को मिलेगा आधुनिक यूरोपीय तकनीक का लाभ

टाटा मोटर्स के सबसे बड़े भारी वाणिज्यिक वाहन (HCV) निर्माण केंद्र, जमशेदपुर प्लांट के लिए यह अधिग्रहण तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इवेको के पास भारी खनन ट्रकों, उन्नत ट्रैक्टर-ट्रेलरों और वैकल्पिक ईंधन इंजन की आधुनिक यूरोपीय तकनीक मौजूद है।

दोनों कंपनियों के साझा अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्लेटफॉर्म के जरिए अब जमशेदपुर प्लांट में अंतरराष्ट्रीय मानकों के उन्नत वाहन तैयार किए जा सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर विनिर्माण क्षमता और उत्पाद गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।

वैश्विक वाणिज्यिक वाहन बाजार में बढ़ेगा समूह का दायरा

इस विलय के साथ संयुक्त समूह की वार्षिक बिक्री 5.9 लाख वाहनों के पार पहुंचने का अनुमान है। वहीं, संयुक्त समूह का कुल वार्षिक राजस्व लगभग 21 अरब यूरो (करीब 1.9 लाख करोड़ रुपये) हो जाएगा।

इस अधिग्रहण के जरिए टाटा मोटर्स को यूरोप, पश्चिम एशिया और लैटिन अमेरिका के उन प्रमुख व प्रीमियम बाजारों में सीधी मौजूदगी मिलेगी, जहां इवेको का नेटवर्क पहले से स्थापित है।

Read more

Related News