Shimla News: हिमाचल प्रदेश के चूड़धार जंगल में रास्ता भटकने वाले दो लोगों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया है। ग्यारह अक्टूबर की रात को 112 हेल्पलाइन पर इस घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद चौपाल पुलिस स्टेशन की टीम ने तुरंत घने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने दुर्गम पहाड़ी और जंगल वाले इलाके में रातभर सघन तलाश अभियान चलाया। टीम को रात करीब तीन बजे कुल्लू जिले के 31 वर्षीय अजय कुमार मिले। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे टीम ने सिरमौर जिले के 22 वर्षीय नक्श ठाकुर को भी सुरक्षित ढूंढ लिया।
रेस्क्यू किए गए दोनों युवकों ने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया है। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें मंडाहलाणी में उनके बाकी साथियों को सौंप दिया। शिमला पुलिस ने सभी ट्रैकर और श्रद्धालुओं से सुरक्षित रास्तों पर ही चलने की अपील की है। पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ यात्रा करने की सलाह दी है।