Nanded News: महाराष्ट्र के नांदेड़ पुलिस द्वारा चार महीने पहले जब्त किए गए ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स की सरकारी लैब जांच में पारा और आर्सेनिक जैसे जहरीले तत्व खतरनाक स्तर पर मिले हैं। 9 जुलाई को मक्का गली में की गई छापेमारी में 39.69 लाख रुपये के उत्पाद जब्त किए गए थे।
महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस की तरफ से करीब चार महीने पहले जब्त किए गए ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स में पारा और आर्सेनिक समेत जहरीली भारी धातुओं का स्तर खतरनाक रूप से अधिक पाया गया है। एक सरकारी प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में यह गंभीर खुलासा हुआ है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 9 जुलाई को नांदेड़ के मक्का गली इलाके में स्थित अफराह कलेक्शन (अफराह टूर्स एंड ट्रैवल्स) पर छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 39.69 लाख रुपये मूल्य के सौंदर्य उत्पाद जब्त किए गए थे।
मान्य सीमा से हजारों गुना ज्यादा मिला पारा
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच में दो ब्यूटी क्रीम में पारे (मर्करी) की मात्रा सौंदर्य प्रसाधन नियमों में तय मान्य सीमा से कहीं अधिक पाई गई है। ‘पार्ले 24के गोल्ड ग्लीम ब्यूटी क्रीम’ में पारे की मात्रा 48,453.44 पार्ट्स प्रति मिलियन (पीपीएम) मिली है, जबकि इसकी मान्य सीमा मात्र एक पीपीएम है। इसी तरह, ‘गोरी ब्यूटी क्रीम विद लाइकोपीन’ में पारे की मात्रा 6,924.94 पीपीएम पाई गई है।
एफडीए और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि यह छापेमारी इतवारा थाने की एक टीम ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों के साथ मिलकर की थी। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक मोहम्मद जियाउद्दीन मोहम्मद वाजिद के पास से ऐसे ब्यूटी प्रोडक्ट्स बरामद हुए, जिन पर उर्दू और अंग्रेजी में लगे लेबल में उनके पाकिस्तान में बने होने का दावा किया गया था।
त्वचा, गुर्दे और नर्वस सिस्टम को गंभीर खतरा
अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आए इन तथ्यों से नकली और असुरक्षित उत्पादों के कारण स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, सौंदर्य प्रसाधनों के जरिए पारे और आर्सेनिक के लंबे समय तक संपर्क में रहने से त्वचा संबंधी गंभीर बीमारियां, गुर्दे (किडनी) को नुकसान और नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और विदेशी व्यापार (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नकली, बिना लाइसेंस वाले या संदिग्ध आयातित उत्पादों की बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।