सिरमौर में नाहन-कुमारहट्टी हाईवे पर खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, एक युवक की मौत और 9 घायल

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: जिला सिरमौर में नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर डुंगा घाट के समीप एक बोलेरो कैंपर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी लोग दिवाली पर्व पर शिमला से अपने घर लौट रहे थे।

जिला सिरमौर के अंतर्गत नाहन-कुमारहट्टी-शिमला नेशनल हाईवे 907ए पर एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

डुंगा घाट के तीखे मोड़ पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर डुंगा घाट के पास पेश आई। यहां एक तीखे मोड़ पर बोलेरो कैंपर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कती हुई कयाणा की ओर जा रहे लिंक रोड पर जाकर रुकी। वाहन गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचित किया।

मृतक और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान काकू (30) पुत्र रत्न सिंह, निवासी गांव पारवा, डाकघर कांटी नांशो, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

घायलों की सूची में शामिल हैं:

  • कुलदीप (30) पुत्र रत्न सिंह, गांव खनलोग, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ
  • अनिल (34) पुत्र सूरत सिंह, गांव खनलोग, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ
  • राहुल (23) पुत्र गुमान सिंह, गांव खनलोग, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ
  • विक्रम (21) पुत्र सूरत सिंह, गांव बाईला, डाकघर हरलोग, तहसील कमरऊ
  • शिशुपाल (28) पुत्र सुरेश, गांव टिकरा, डाकघर भजौण, तहसील शिलाई
  • गोलू चौहान (21) पुत्र कल्याण सिंह, गांव बाईला, डाकघर हरलोग, तहसील कमरऊ
  • सार्थक चौहान (20) पुत्र दीप चंद, गांव पैदवा, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ
  • पिंकू (19) पुत्र रत्न सिंह, गांव पारवा, डाकघर कांटी नांशो, तहसील कमरऊ
  • राहुल (20) पुत्र रत्न सिंह, गांव पारवा, डाकघर कांटी नांशो, तहसील कमरऊ

दिवाली पर घर लौट रहे थे सभी लोग

मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे दिवाली के त्योहार के उपलक्ष्य में शिमला से अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।

प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन नाहन को अलर्ट कर दिया है ताकि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिल सके। वहीं, पच्छाद पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News