सिरमौर के नाहन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर न होने से रेडियोलॉजी विभाग ठप, मरीजों की परेशानी बढ़ी

Share

- Advertisement -

Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय स्थित नाहन मेडिकल कॉलेज का रेडियोलॉजी विभाग शनिवार से डॉक्टरों की कमी के चलते बंद हो गया है। विभागाध्यक्ष के रिटायर होने के बाद अब कॉलेज में कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं बचा है। इस कारण अस्पताल में मरीजों की जांच से जुड़ी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं।

विभाग के प्रोफेसर एवं एचओडी डॉ. दिनेश शर्मा शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इससे पहले दो रेडियोलॉजिस्ट अपनी नौकरी छोड़ चुके हैं। इसके अलावा एक डॉक्टर का ट्रांसफर हमीरपुर मेडिकल कॉलेज कर दिया गया था। इन कारणों से नाहन अस्पताल में अब कोई भी रेडियोलॉजिस्ट तैनात नहीं है।

स्वीकृत पदों के खाली होने से बिगड़े हालात

मेडिकल कॉलेज नाहन में रेडियोलॉजिस्ट के कुल आठ पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और पांच सीनियर रेजिडेंट के पद शामिल हैं। सरकार पिछले 10 वर्षों में जूनियर रेजिडेंट के पद स्वीकृत नहीं कर सकी। अब सभी पद खाली होने से सेवाएं रुक गई हैं।

जांच बंद होने से भटक रहे हैं मरीज

रेडियोलॉजी विभाग बंद होने से मरीजों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे कराने के लिए निजी क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है। निजी केंद्रों पर जांच कराने के लिए मरीजों को भारी भरकम फीस चुकानी पड़ रही है।

केंद्र सरकार ने साल 2013 में इस मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दी थी। प्रदेश सरकार ने तीन साल बाद 2016 में इसे शुरू किया था। बीते 10 वर्षों में सरकार अस्पताल को पर्याप्त डॉक्टर, नर्स और तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम रही है।

हृदय रोग विभाग भी नहीं हो सका शुरू

सिरमौर जिले के लोगों के लिए यह मेडिकल कॉलेज सुविधाएं देने के बजाय परेशानी का कारण बन चुका है। आजादी के 79 वर्षों के बाद भी जिले के किसी सरकारी अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ तैनात नहीं हुआ। सरकार पिछले 10 सालों में यहां कार्डियोलॉजी विभाग भी शुरू नहीं कर पाई है।

डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की प्रिंसिपल डॉ. संगीता ढिल्लों ने बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में कुल आठ पद स्वीकृत हैं। फिलहाल सभी पद खाली हो चुके हैं। इस संबंध में पूरी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है और जल्द रिक्त पदों को भरने का आग्रह किया गया है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News