Sirmaur News: कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर ओवरलोड भारी वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। बुधवार को काली मंदिर के पास रेत से भरे ट्राले और कैंटर की भिड़ंत हो गई। हादसे में गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा।
नाहन की ओर जा रहा कैंटर अचानक सड़क पर फिसल गया। इसी दौरान सामने से आ रहा रेत-बजरी से लदा भारी ट्राला उससे टकरा गया। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू की।
ओवरलोडिंग पर लगाम न लगने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर आए दिन भारी ट्राले पलटते हैं या बीच रास्ते खराब हो जाते हैं। विभाग केवल चालान काटकर औपचारिकता पूरी करता है, जिससे ये वाहन बिना किसी डर के लगातार सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
प्रशासन से वाहनों की नियमित जांच और सख्त नियमों की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे पर ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच करने की मांग की है। संवेदनशील चढ़ाई वाले स्थानों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंध किए जाने चाहिए। लोगों ने हादसों पर रोक लगाने के लिए नंबर प्लेट और चालकों के लाइसेंस की सख्त जांच करने की अपील की है।