Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रोहड़ू के टिक्कर-नावर क्षेत्र स्थित दरोटी गांव के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मां-बेटे और तीन नेपाली नागरिकों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रोहड़ू उपमंडल के नावर क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। पुलिस चौकी टिक्कर के अंतर्गत दरोटी गांव के पास पानु नाला में सुबह करीब 8:20 बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान और घटना का विवरण
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में दरोटी गांव के स्थानीय निवासी और प्रवासी नेपाली नागरिक शामिल हैं। मृतकों की पहचान कुशल (पुत्र प्रमोद) और उनकी माता कल्पना देवी (पत्नी प्रमोद) निवासी दरोटी के रूप में हुई है। इनके साथ ही वाहन में सवार तीन नेपाली नागरिकों—निर्मला (पत्नी पवन), मीना (पत्नी प्रेम) और रोशनी (पुत्री प्रेम) की भी इस हादसे में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति नेपाली मजदूर बताया जा रहा है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने जताया गहरा शोक
हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रोहड़ू के दरोटी क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की असामयिक मृत्यु पर शोक जताते हुए प्रशासन को घायल व्यक्ति के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। स्थानीय प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।