नैना देवी के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं की पिकअप पंजाब में दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत और दो दर्जन घायल

Share

- Advertisement -

Ludhiana News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा पिकअप पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा के पास सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है।

नैना देवी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, माछीवाड़ा की गुरु कॉलोनी के करीब 30 लोग सोमवार सुबह हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित शक्तिपीठ श्री नैना देवी के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद सभी लोग पिकअप में सवार होकर वापस लौट रहे थे।

देर रात जब उनका वाहन माछीवाड़ा के पास पहुंचा, तो वहां सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप की आगे की सीट पर बैठे तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों की पहचान और घायलों का इलाज

इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुरु कॉलोनी निवासी मुन्ना कुमार (13), गौरव कुमार (17) और मधु देवी (35) के रूप में हुई है। मृतकों में एक महिला और दो किशोर शामिल हैं।

दुर्घटना में घायल हुए करीब दो दर्जन लोगों को तुरंत माछीवाड़ा के अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ गंभीर रूप से घायल मरीजों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ और लुधियाना के बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया है। पिकअप में मौजूद एक श्रद्धालु ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News