Shimla News: राजधानी शिमला में शुक्रवार को दो निजी स्कूलों को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने परिसरों की सघन जांच शुरू की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
कालीबाड़ी और न्यू शिमला के स्कूलों को भेजा गया ईमेल
जानकारी के अनुसार, कालीबाड़ी के पास स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला के डीएवी स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिला था। स्कूल प्रबंधन ने बिना देरी किए इसकी सूचना पुलिस को दी और छात्रों की सुरक्षा के लिए उनकी छुट्टी कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों परिसरों को तुरंत खाली करवाया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नहीं मिला कोई विस्फोटक सामान
एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने बताया कि दोनों स्कूलों को ईमेल से धमकी मिली थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर बच्चों की छुट्टी की गई। पुलिस और बम स्क्वॉड ने क्लासरूम, पूरे कैंपस और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला।
स्कूल की तरफ से अचानक मैसेज मिलने के बाद कई पेरेंट्स अपने बच्चों को लेने पहुंचे। अभिभावकों के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही थी। हालांकि, पुलिस की पूरी छानबीन के बाद सभी जगहों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया, जिससे स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली।