Shimla News: हिमाचल प्रदेश के टैक्सी और पर्यटन कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात कर महत्वपूर्ण परिवहन मुद्दे उठाए। बैठक में कीरतपुर-मंडी मार्ग पर स्पीड लिमिट 80 किमी प्रति घंटा करने और गाड़ियों की उम्र सीमा 15 साल करने पर सहमति बनी।
बैठक में उप-मुख्यमंत्री ने कान्ट्रैक्ट कैरिज वाहन संचालकों की पुरानी मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने पर्यटक वाहनों की तय आयु सीमा 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का आग्रह किया। इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को जल्द आवश्यक अधिसूचना जारी करने के सख्त निर्देश दिए।
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की कमी पर मैनुअल व्यवस्था की मांग
अग्निहोत्री ने हिमाचल में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के सीमित ढांचे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। वर्तमान में राज्य में केवल दो स्टेशन काम कर रहे हैं। उन्होंने नए केंद्र बनने तक मैनुअल फिटनेस जांच व्यवस्था जारी रखने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए रिपोर्ट तलब की है।
इसके अलावा बैठक में पंडोगा से झलेड़ा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने का निर्देश दिया गया। यह मार्ग अमृतसर-होशियारपुर हाईवे से सीधे जुड़ेगा। उप-मुख्यमंत्री ने इस त्वरित सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। इस फैसले से प्रदेश के पर्यटन और परिवहन क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी।