Shimla News: रक्षाबंधन सहित तीन दिनों की छुट्टियों के बाद सोमवार यानी 31 अगस्त को दोपहर 2 बजे हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र दोबारा शुरू होगा। सत्र में अब केवल 4 बैठकें शेष हैं। अंतिम दौर में पहुंचने के कारण विपक्ष सरकार को घेरने और सत्ता पक्ष पलटवार करने की पूरी तैयारी में है।
प्रश्नकाल में स्वास्थ्य और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर होगी तकरार
सत्र के प्रश्नकाल में स्वास्थ्य सुविधाओं, खाली पदों, सड़कों और स्थानीय समस्याओं पर तीखी बहस होने के पूरे आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कुल्लू अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक संजय अवस्थी मज्याट औषधालय में खाली पदों और राकेश जम्वाल नौणी विवि पर सवाल करेंगे।
विधायक नीरज नैयर चंबा के 200 बेड अस्पताल, त्रिलोक जम्वाल भजवाणी पुल और अजय सोलंकी बंद बस रूट पर जवाब मांगेंगे। इसके साथ ही विधायक इंद्र दत्त लखनपाल इंडोर स्टेडियम, बलबीर सिंह वर्मा चौपाल में जाइका प्रोजेक्ट के खर्च और केवल सिंह पठानिया शाहपुर में मिले शव के मामले पर सरकार से स्थिति स्पष्ट कराएंगे।
नियम 62 और 130 के तहत यूरिया संकट व रोजगार पर चर्चा
सदन में नियम-62 के तहत दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव आएंगे। कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया किसानों को यूरिया के साथ जबरन नैनो यूरिया दिए जाने का मामला उठाएंगे। इसके अलावा भाजपा विधायक रणधीर शर्मा श्री नैना देवी क्षेत्र की खराब संपर्क सड़कों की मरम्मत और लोगों की समस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।
नियम-130 के तहत युवाओं के लिए रोजगार गारंटी पर रणधीर शर्मा, सुधीर शर्मा और राकेश जम्वाल सहित अन्य विधायक चर्चा शुरू करेंगे। वहीं विधायक केवल सिंह पठानिया राज्य के जल संसाधनों, बिजली परियोजनाओं की रॉयल्टी और वॉटर सेस की बकाया देनदारियों की वसूली का मुद्दा उठाकर सरकारी राजस्व के हितों की सुरक्षा की मांग करेंगे।