सराज के जांओ गांव में घास काटने गई महिला का पहाड़ी से फिसला पैर, 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के सराज विधानसभा क्षेत्र की कल्हणी पंचायत के जांओ गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार को मवेशियों के लिए घास काटने गई 50 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान तुलसी देवी पत्नी उत्तम चंद के रूप में हुई है।

तुलसी देवी शनिवार को घर से पास की पहाड़ी पर घास काटने निकली थीं। काम के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरीं। इस भयानक हादसे के बाद वह पहाड़ी के नीचे झाड़ियों में जाकर अटक गईं, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।

शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। पहाड़ी पर फिसलने के निशान देखकर लोगों ने करीब 200 मीटर नीचे तलाश की, जहां झाड़ियों में तुलसी देवी का शव मिला। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्राम पंचायत कल्हणी की प्रधान द्रोपती देवी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News