Shimla News: एशियाई खेलों में भारत का परचम लहराने वाली हिमाचल प्रदेश की महिला खिलाड़ियों पर राज्य सरकार ने इनामों की बारिश की है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कबड्डी की तीन स्वर्ण पदक विजेता बेटियों को एक-एक करोड़ रुपये और पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर पद पर नौकरी देने का ऐलान किया।
कबड्डी खिलाड़ियों और क्रिकेटर रेणुका को एक-एक करोड़ का सम्मान
मुख्यमंत्री से भेंट के बाद कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की नकद राशि स्वीकृत की गई। इसके अतिरिक्त भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को भी शानदार प्रदर्शन के लिए एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की बड़ी घोषणा की गई।
खिलाड़ियों के रोजगार विकल्प पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो खिलाड़ी पुलिस सेवा में नहीं जाना चाहतीं, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नौकरी दी जाएगी। इससे वे सरकारी सेवा के साथ खेलों को बढ़ावा देकर अपना करियर जारी रख सकेंगी। हरियाणा में विवाह होने के कारण खिलाड़ी रितु नेगी पर फैसला बाद में लिया जाएगा।
खिलाड़ियों की मांग पर सरकार ने बढ़ाई पुरस्कार राशि
पहले राज्य सरकार ने इन कबड्डी खिलाड़ियों के लिए 33-33 लाख रुपये देने का फैसला किया था। कप्तान पुष्पा राणा सहित अन्य खिलाड़ियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए राशि बढ़ाने और डीएसपी रैंक की मांग रखी थी। सोमवार को शिमला में सीएम से मुलाकात के बाद सरकार ने यह सकारात्मक निर्णय लिया।
एशियाई खेलों के अन्य पदक विजेताओं को भी राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। मैराथन में रजत पदक जीतने वाले मंडी के सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं दस हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली चंबा की एथलीट सीमा को 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिलेगी।