Himachal News: खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने नवंबर में 25 तारीख को डिपुओं में राशन वितरण बंद करने के आदेश दिए हैं। कई जिलों में अभी राशन नहीं पहुंचने और पॉश मशीनों के ट्रायल से उपभोक्ताओं के राशन से वंचित रहने की आशंका है। डिपो संचालक समिति ने मशीनों में बैकलॉग विकल्प देने की मांग की है।
प्रदेश के कई जिलों में इस माह डिपुओं से सस्ता राशन लेने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को राशन लेने से वंचित रहना पड़ सकता है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रदेश के डिपो धारकों को इस माह की 25 तारीख को सेल बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि डिपो धारकों को दी गई नई पॉश मशीनों के ट्रायल के कारण विभाग ने यह आदेश जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में डिपुओं में अभी तक राशन पहुंचा ही नहीं है। जानकारों के अनुसार बीते गुरुवार को भी सर्वर की समस्या के चलते उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
प्रदेशभर में करीब 5,300 उचित मूल्य की दुकानों के जरिए हर माह लगभग साढ़े 19 लाख कार्ड धारकों को राशन वितरित किया जाता है।
पॉश मशीनों में बैकलॉग विकल्प की मांग
प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि अभी तक प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतर डिपुओं में निगम के गोदामों से राशन की सप्लाई नहीं हो पाई है। कई जिलों में लेबर की कमी का हवाला दिया जा रहा है।
उन्होंने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग व प्रदेश सरकार से पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प डालने की मांग की है। इससे डिपो संचालक इस माह राशन से वंचित रहने वाले उपभोक्ताओं को अगले माह राशन दे सकेंगे।