केरल में सोशल मीडिया रील देखकर मंगाई गोरा करने वाली क्रीम से 17 वर्षीय किशोरी की किडनी खराब, आयोग ने दर्ज कराई एफआईआर

Share

- Advertisement -

Malappuram News: केरल के मलप्पुरम में सोशल मीडिया रील देखकर मंगाई गई गोरा करने वाली क्रीम के इस्तेमाल से 17 वर्षीय किशोरी की किडनी गंभीर रूप से खराब हो गई। जांच में क्रीम के भीतर 12,500 पीपीएम पारा पाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।

केरल के मलप्पुरम जिले में सोशल मीडिया पर प्रचारित एक सौंदर्य क्रीम का इस्तेमाल करने से 17 वर्षीय किशोरी की किडनी खराब होने का मामला सामने आया है। केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने शनिवार को इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करवाई है।

मलप्पुरम स्थित एस्टर मिम्स मदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, किशोरी ने इंस्टाग्राम पर कुछ इंफ्लुएंसर्स के प्रमोशन वीडियो देखे थे। इन वीडियो में दावा किया गया था कि यह क्रीम मुंहासे, काले धब्बे और झाइयों को दूर कर त्वचा को गोरा बना सकती है।

ब्लड प्रेशर गिरने और पैरों में सूजन की हुई शिकायत

किशोरी ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर दिए गए व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से विक्रेताओं से संपर्क कर यह क्रीम ऑर्डर की थी। शुरुआत में असर दिखने पर उसने एक साल के भीतर इसकी कई और बोतलें मंगवा लीं।

क्रीम के लगातार इस्तेमाल के कुछ समय बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। उसका ब्लड प्रेशर अचानक कम होने लगा और उसे चक्कर आकर बेहोशी आने लगी। इसके साथ ही उसके पैरों में काफी सूजन आ गई, जिससे उसे चलने और सीढ़ियां चढ़ने में भी कठिनाई होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

जांच में क्रीम के भीतर मिला 12,500 पीपीएम पारा

किशोरी का इलाज कर रहीं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. गौरी एस ने बताया कि विस्तृत मेडिकल जांच में उसके खून और शरीर में पारे (मर्करी) का स्तर खतरनाक हद तक बढ़ा हुआ पाया गया। डॉक्टर के अनुसार, पारा किडनी की फिल्टर करने वाली इकाइयों को गंभीर नुकसान पहुंचाता है।

मेडिकल जांच में सामने आया कि किशोरी ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ से पीड़ित हो गई है, जो किडनी की एक गंभीर बीमारी है और समय पर इलाज न मिलने पर जटिलताएं बढ़ सकती हैं। क्रीम की प्रयोगशाला जांच में उसमें 12,500 पार्ट्स पर मिलियन (पीपीएम) पारा पाया गया, जबकि इसके लिए सामान्य स्वीकार्य सीमा एक पीपीएम से भी कम होती है।

उपभोक्ता अदालत जाने की तैयारी, आयोग ने तलब की रिपोर्ट

पीड़िता के अनुसार, उसने तबीयत बिगड़ने की जानकारी संबंधित कंपनी को दी थी। शुरुआत में कंपनी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने की बात कही, लेकिन बाद में उसके संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया।

अब किशोरी के परिवार ने कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता अदालत में कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके चलते फिलहाल क्रीम का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। दूसरी ओर, बाल अधिकार आयोग ने इस पूरे मामले में स्वास्थ्य सेवा निदेशक, राज्य पुलिस प्रमुख, औषधि नियंत्रक, केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण और संबंधित अस्पताल के अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

Read more

Related News