रामपुर अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में सजी अश्व प्रदर्शनी, दूसरे दिन भी जोरों पर रही घोड़ों की खरीद-फरोख्त

Share

- Advertisement -

Shimla News: अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष್ಯ में रामपुर के पाटबंगला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय अश्व प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी घोड़ों की खरीद-फरोख्त का दौर जारी रहा। उत्तराखंड और कुल्लू सहित दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे खरीदारों ने बढ़-चढ़कर घोड़ों की खरीदारी की, जिससे मेला परिसर में रौनक बनी रही।

रामपुर में दूसरे दिन भी जारी रही घोड़ों की खरीद-फरोख्त

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति और पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रामपुर के पाटबंगला मैदान में तीन दिवसीय अश्व प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन सोमवार को सुबह से ही मैदान में अश्वपालकों और खरीदारों का आना शुरू हो गया था। इस दौरान उत्तराखंड, कुल्लू और आसपास के अन्य क्षेत्रों से पहुंचे खरीदारों ने घोड़ों में गहरी रुचि दिखाई। प्रदर्शनी के दूसरे दिन कुल 17 घोड़े बिके, जिसमें एक घोड़ा 82 हजार रुपये तक की कीमत में बिका। इससे पहले पहले दिन भी बड़ी संख्या में स्पीति वैली से पहुंचे प्रसिद्ध चामुर्थी घोड़ों की खरीद-फरोख्त शुरू हो गई थी।

दूसरे दिन बढ़ा अश्व पंजीकरण का आंकड़ा

पशुपालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनी के दूसरे दिन घोड़ों के पंजीकरण में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदर्शनी के पहले दिन जहां 83 अश्वों का पंजीकरण किया गया था, वहीं दूसरे दिन यह आंकड़ा बढ़कर 150 घोड़ों तक पहुंच गया। उपनिदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग शिमला, डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि मेला समिति और पशुपालन विभाग द्वारा अश्वपालकों को बेहतर मंच प्रदान करने के लिए इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जिसे लेकर पालकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतियोगिताओं और दौड़ का रहेगा विशेष आकर्षण

अश्व प्रदर्शनी के अंतिम दिन यानी तीन नवंबर को कई आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ घोड़े का चयन, रोमांचक गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता तथा घोड़ों की 800 और 400 मीटर की दौड़ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News