जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, होटलों के सहमति शुल्क में भारी बढ़ोतरी को बताया जनता पर बोझ

Share

- Advertisement -

Shimla News: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए इसे ‘शुल्क की सरकार’ करार दिया है। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा होटलों के संचालन सहमति शुल्क में भारी वृद्धि का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि सरकार का एकमात्र मॉडल जनता और कारोबारियों पर बेहिसाब टैक्स लगाना बन गया है।

होटलों के संचालन सहमति शुल्क में भारी बढ़ोतरी

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के फैसलों से आम जनता के साथ-साथ अब होटल कारोबारी भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क के ढांचे में भारी बदलाव किया है, जिसके तहत छोटे होटलों के शुल्क में 150 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस नए आदेश के बाद 10 से 13 कमरों वाले ग्रीन श्रेणी के छोटे होटल संचालकों को अब पांच साल के लिए 72 हजार रुपये के बजाय 1.80 लाख रुपये चुकाने होंगे। इससे उन पर 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आ गया है। इसके अलावा, उनका वार्षिक शुल्क भी 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 20 से अधिक कमरों वाले ऑरेंज श्रेणी के होटलों का पांच साल का शुल्क भी बढ़कर तीन से पांच लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली पर कसा तंज

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर रामलीला मैदान में बुलाई गई इंडी गठबंधन की रैली को पूरी तरह फ्लॉप करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि वह अपने मंत्रियों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले गए थे, लेकिन वहां जाकर उनकी व्यवस्था बिखर गई और रामलीला मैदान खाली नजर आया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की रीलांचिंग के लिए प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री को मंच पर बोलने तक का मौका नहीं मिला।

मंडी में कल होगी ‘अराजकता हटाओ-लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान स्थानीय बूथ बैठकों में हिस्सा लिया और संगठन की मजबूती पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चार नवंबर को मंडी में आयोजित होने वाली ‘अराजकता हटाओ-लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News