Nahan News: हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी, लूटपाट और आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि नाहन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है।
बुजुर्ग से लूट और चोर-पुलिस की मिलीभगत का आरोप
डॉ. बिंदल ने अपने बयान में कहा कि बीते दिनों एक 80 वर्षीय बुजुर्ग से 50 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इसके अलावा घरों और दुकानों में चोरी की वारदातें भी लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में जब दुकानदार चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले करते हैं, तो पुलिस की कथित मिलीभगत से उन्हें छोड़ दिया जाता है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
पंचायतों के फंड और नए टैक्स को लेकर सरकार पर हमला
पंचायती राज संस्थाओं के साथ कथित भेदभाव पर नाराजगी जताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मेलों के नाम पर पंचायतों से पैसे वसूलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पंचायतों को विकास कार्यों के लिए मिलने वाले टाइड फंड की राशि को विभिन्न विभाग अपने अधीन ले रहे हैं, जबकि यह पैसा पंचायतों के विकास पर ही खर्च होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार जनता पर नए-नए टैक्स और आर्थिक बोझ थोप रही है, जिससे लोग परेशान हैं और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देंगे।