Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले स्थित पार्वती घाटी में ट्रैकिंग पर गए दो पर्यटक पिछले एक महीने से लापता हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा दुर्गम इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाने के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे ट्रैकिंग रूटों पर पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
पार्वती घाटी अपने गहरे जंगलों, खतरनाक ढलानों, उफनते नालों और खूंखार जानवरों के कारण बेहद जोखिमभरी मानी जाती है। यहां अकेले ट्रैकिंग करना पर्यटकों के लिए अक्सर जानलेवा साबित होता है। विशेषज्ञों ने सुरक्षित ट्रैकिंग के लिए हमेशा स्थानीय गाइड साथ रखने और उनके अनुसार ही ट्रैकिंग शेड्यूल बनाने की सलाह दी है।
लापता पर्यटकों में झारखंड निवासी 24 वर्षीय मेडिकल छात्र सुकांत गुइन शामिल हैं, जो 8 अगस्त को मलाणा की ओर अकेले निकले थे। रेस्क्यू टीमों ने 3700 मीटर ऊंचे चंद्रखणी दर्रे पर तलाशी ली, लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि वे किसी ढलान से गिरे हैं या जंगली जानवर का शिकार हुए हैं।
दूसरी घटना में दिल्ली के 32 वर्षीय नरेंद्र रावत 22 अगस्त से लापता हैं। उनकी आखिरी मोबाइल लोकेशन 24 अगस्त को मणिकर्ण में मिली थी, जिसके बाद फोन बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस पर समय पर प्राथमिकी दर्ज न करने और मोबाइल रिकॉर्ड की सही जांच न करने का आरोप लगाया है।
सुकांत के पिता ने राज्य सरकार से दुर्गम ट्रैकिंग रूटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। उन्होंने सोलो ट्रैकिंग पर रोक लगाने या अनिवार्य ट्रैकिंग रजिस्ट्रेशन प्रणाली लागू करने की अपील की है। लगातार हो रहे हादसों ने पार्वती घाटी में आपातकालीन बचाव और निगरानी प्रणाली की कमियों को उजागर किया है।