IIT मंडी से कंप्यूटर साइंस का छात्र एनआईटी हमीरपुर के हॉस्टल में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के एनआईटी हमीरपुर स्थित हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में चोरी का मामला सामने आया है। सुरक्षा तंत्र को चकमा देकर छात्रों के कमरों से नकदी चुराने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 21,510 रुपये नकद, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी आदित्य चौधरी के रूप में हुई है। आरोपी का परिवार फिलहाल नई दिल्ली के उत्तम नगर स्थित ओम विहार में रहता है। आदित्य के पिता दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं। अदालत ने पुलिस की अर्जी पर आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब हिमगिरि हॉस्टल के अटेंडेंट गुरभाग सिंह और मैस मैनेजर तेज कुमार चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने आदित्य को कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते देखा। संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी 28 सितंबर को फर्जी आईडी बनाकर एनआईटी कैंपस में घुसा था। उसे हॉस्टल के लेआउट की पूरी जानकारी थी। वह खुले कमरों को निशाना बनाकर नकदी और कीमती सामान चुराता था। पुलिस फर्जी आईडी और पुरानी संभावित चोरियों के संबंध में गहराई से जांच कर रही है।

आरोपी आदित्य 2022 बैच में आईआईटी मंडी में कंप्यूटर साइंस का छात्र था। पढ़ाई के साथ उसे क्रिकेट खेलने का बहुत शौक था और उसने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। चार साल में 145 क्रेडिट हासिल करने के बावजूद आठवें सेमेस्टर में वह चार पेपर में फेल हो गया था। डिग्री के लिए 15 क्रेडिट कम पड़ रहे थे।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग का शिकार था। गेमिंग में भारी रकम गंवाने के बाद उस नुकसान की भरपाई के लिए उसने चोरी का रास्ता चुना। फिलहाल वह मंडी के कमांद इलाके में किराए पर रह रहा था। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News