Hamirpur News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने छात्रों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने युवाओं को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाया जा सके।
एनआइटी के सभागार में स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि यह अभियान सिर्फ सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसे सफल बनाने के लिए छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। इस दौरान उन्होंने अपने इंजीनियरिंग के दिनों के अनुभव भी साझा किए।
डीजीपी ने छात्रों को लगातार नया सीखने और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिला कॉन्स्टेबल निकिता ने कहा कि नशे में फंसे दोस्तों का मजाक उड़ाने या उन्हें बदनाम करने के बजाय उनकी मदद करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से चिट्टा बेचने वालों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
डीजीपी ने विद्यार्थियों को 16 सितंबर को ऊना में आयोजित होने वाले एंटी-चिट्टा अभियान में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने संस्थान प्रशासन से एक-दो बसों में छात्रों को भेजने का आग्रह किया। साथ ही, हेल्पलाइन 112 और सोशल मीडिया के जरिए पुलिस से जुड़े रहने तथा साइबर अपराध और आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।