Sundernagar News: सुंदरनगर के उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में हुए इस आयोजन की अध्यक्षता एसडीएम अमर नेगी ने की, जिसमें विभिन्न मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब सुंदरनगर के प्रधान बलविंदर सोढ़ी और अन्य पत्रकारों ने एसडीएम अमर नेगी को सम्मानित किया।
‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा इस बार का मुख्य विषय
इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस का मुख्य विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ निर्धारित किया गया था। उपस्थित पत्रकारों ने इसी विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया और वर्तमान समय में मीडिया के समक्ष आ रही चुनौतियों, प्रतिस्पर्धा तथा सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम अमर नेगी ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने का दबाव जरूर रहता है, लेकिन इसके बावजूद तथ्यों की पुष्टि, विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना पत्रकारों की सराहनीय भूमिका को उजागर करता है।
लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है मीडिया: अमर नेगी
एसडीएम अमर नेगी ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यह समाज और प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। जनसमस्याओं को प्रमुखता से उजागर करने, सरकारी योजनाओं व विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। उन्होंने पत्रकारों से भविष्य में भी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुंदरनगर उपमंडल के कई पत्रकार मौजूद रहे, जिनमें रोशन शर्मा, गगन शर्मा, राकेश शर्मा, सचिन शर्मा, उमेश शर्मा, रोहित कौशल, लीलाधर शर्मा, कुलभूषण चब्बा, विजय शर्मा, युसूफ अंसारी और देवेंद्र गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।