Delhi News: देश के बड़े हिस्से में मॉनसून काफी मजबूत हो चुका है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। आज 22 जुलाई को कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
देशभर में तेज हवाओं और लैंडस्लाइड की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और मैदानी इलाकों में जलभराव व बाढ़ का खतरा है। यूपी, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, एमपी, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में आज बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि 23 जुलाई से मौसम साफ हो सकता है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, प्रयागराज और कौशांबी में 27 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होगी। बिहार के पटना, रोहतास और नवादा में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी और मैदानी राज्यों में मौसम का हाल
हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में आज अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में 27 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी। जम्मू-कश्मीर में बाढ़ जैसे हालात हैं और 24 जुलाई तक सावधान रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में 26 जुलाई तक बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन, नीमच और नर्मदापुरम में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है। इसके अलावा पंजाब, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।